
MADHUBANI:- कोतवाली चौक दुर्गा मंदिर के पास सड़क नहीं, कीचड़ का दलदल—बाइक सवार गिर रहे, पैदल चलना भी दूभर
मधुबनी – 31 अक्टूबर। यह तस्वीर किसी गांव के खेत की नहीं, बल्कि शहर के सबसे व्यस्त कोतवाली चौक के पास दुर्गा मंदिर रोड की है। हालत ऐसी है कि यहां लोग पैदल चलना तो दूर, बाइक से भी गिर रहे हैं। पूरी सड़क गहरे कीचड़ और पानी में तब्दील हो चुकी है। टायरों के निशान से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसमें पानी भरा है। वाहन कीचड़ में फंस रही है। बगल में पुराना खंडहरनुमा मंदिर और जलजमाव से घिरा तालाब, जो सड़क को और खतरनाक बना रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश में ही यह सड़क दलदल बना है।
नगर निगम की अनदेखी—
शहरवासियों का कहना है कि नगर निगम को सिर्फ कचरा पेटी और वाहन खरीदने की चिंता है, सड़क-नाली जैसी मूल समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। कई बार शिकायत के बाद भी इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई। कोतवाली चौक से पंडौल रोड जाने वाला यह मुख्य रास्ता है, यहां से रोज सैकड़ों लोग गुजरते हैं। स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इस कीचड़ भरी सड़क से गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने नगर आयुक्त से जल्द सड़क का पक्कीकरण और जल निकासी की मांग की है।



