
MADHUBANI:- फुलपरास में फेरी व्यवसायी का शव बरामद, मकान मालिक पर हत्या का आरोप, जांच में जूटी पुलिस
मधुबनी- 05 जून। जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के लोहिया आश्रम के समीप फेरी व्यवसायी जियाउल हक का शव मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के भाई जावर अली ने थाना में आवेदन देकर एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हिजुली मोडल पारा निवासी 25 वर्षीय जियाउल हक फुलपरास नगर पंचायत के हटिया बांध के निकट किराये के कमरे में रहकर फेरी का व्यवसाय करता था। इसी व्यवसाय से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के भाई के अनुसार, 04 जून की रात करीब 9 बजे फेरी व्यवसायी कैलाश सोनी ने जियाउल हक को बाईक से खाना खिलाने के बहाने अपने कमरे पर ले गया था। इसके बाद अगले दिन सुबह सूचना मिली कि जियाउल हक का शव बरही स्थित कन्या मध्य विद्यालय के समीप सड़क किनारे पड़ा हुआ है। परिजनों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि घटनास्थल के पास कैलाश सोनी का कपड़ा भी मिला है। उन्होंने आशंका जताई है कि कैलाश सोनी ने चाकू से वार कर जियाउल हक की हत्या की है। साथ ही मामले में अन्य अज्ञात लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक के भाई ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, फुलपरास थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया गया है। आवेदन प्राप्त हुआ है, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



