
बिहार
MADHUBANI:- सरकारी पाठ्य पुस्तकों के बिक्री की वीडियो वायरल होने के बाद गम्हरिया स्कूल पहुँचे बीईओ ने की जांच
मधुबनी- 26 मई। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मधुकर कुमार ने मंगलवार को बेनीपट्टी के गम्हरिया मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। दरअसल, मंगलवार की सुबह एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जो गम्हरिया मध्य विद्यालय का बताया गया और वीडियो में सरकारी पाठ्य पुस्तकों को कबाड़ में बिक्री करते दिखाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आये बीईओ ने जांच की। जहां बीईओ ने स्कूल पहुँच कर छात्रों की उपस्थिति पंजी, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, एमडीएम पंजी सहित अन्य पंजियो की जांच की।
जांच के बाद बीईओ ने सभी क्लास में पहुँच कर छात्रों से स्कूल के शैक्षणिक वातावरण, एमडीएम और पुस्तकों के उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान कई छात्र बिना ड्रेस के नजर आए। एक छात्र ने ड्रेस का पैसा नहीं मिलने की शिकायत की। सबसे हैरत रहा कि स्कूल में नामांकित 473 बच्चों में महज 182 ही उपस्थित थे। वर्ग चार के बच्चों के बैठने के लिए बैंच – डेस्क का अभाव दिखा। साफ सफाई नाम की कोई चीज नहीं थी।
उपरांत बीईओ ने बताया कि, वीडियो वायरल मामले को लेकर जांच हुई है। फिलहाल, एचएम से स्पष्टीकरण पूछा जा रहा है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।



