
MADHUBANI:- बिस्फी पुलिस की कार्रवाई में राम विनोद हत्याकांड में नामजद 3 आरोपी गिरफ्तार
मधुबनी- 26 मई। बिस्फी थाना पुलिस ने सलेमपुर में हुई राम विनोद यादव की हत्या मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि, दो अन्य फरार चल रहे नामजद आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभी भी छापेमारी कर रही है। संभावना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिस्फी थाना के सिमरी गांव के महेश यादव के पुत्र विष्णुदेव यादव उर्फ विष्णु यादव, सलेमपुर गांव के सुनील यादव के पुत्र सुभाष यादव और पतौना थाना के जफरा गांव के रामविलास यादव के पुत्र शिवशंकर यादव उर्फ शंकर यादव के रुप में हुई है।
डीएसपी अमित कुमार ने प्रेस प्रतिनिधियों के साथ जानकारी साझा करते हुए कहा कि, एक सप्ताह पूर्व पतौना थाना के द्वारा शराब बरामदगी मामले में आरोपी के भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जिसके बाद आरोपी और उसके सहयोगियों के द्वारा वादिनी के घर पर आकर धमकी दिया गया था कि, तुमलोगों ने ही मेरे भाई को पकड़ाया है, जिसका अंजाम बुरा होगा।
डीएसपी ने बताया कि मृतक के पत्नी के आवेदन के आलोक में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। जिसमें बिस्फी एसएचओ इंस्पेक्टर अविनाश कुमार,अवर निरीक्षक सह एसएचओ पतौना अनुराग कुमार, बिस्फी के अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उदय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक टिंकू कुमार सहित पुलिस बल को तैनात किया गया था।



