
MADHUBANI:- मधवापुर में अपराधियों का तांडव, बम विस्फोट कर करोड़ो के जेवरात व नकदी की लुट
मधुबनी-30 अगस्त। भारत-नेपाल सीमा के मधवापुर थाना के समीप बीती रात बेखौफ अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया है। डकैतों ने दहशत फैलाने के लिए बम विस्फोट व फायरिंग भी की है। घटना मधवापुर वार्ड संख्या-04 निवासी राकेश कुमार चोधरी उर्फ टूटू के घर हुई है। जहां रात्रि करीब एक बजे दो से तीन दर्जन की संख्या में हथियारों से लैस अपराधियों ने राकेश के घर को चारों ओर से घेर कर घर के सदस्यों को कमरे में बाहर से बंद कर घर के तमाम अलमारी,गोदरेज व दिवान पलंग को क्षतिग्रस्त कर जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। प्रतिरोध पर डकैतों ने घर के दो सदस्यों को मार कर जख्मी कर दिया है। जख्मी का इलाज नेपाल में चल रहा है।
अपराधी करीब एक से सवा घंटे तक वारदात को अंजाम देते रहे। पीड़ित का आरोप है कि डकैती की सूचना मधवापुर पुलिस व अन्य प्रशासनिक अधिकारी को दी गयी। परंतू, समय पर कोई नहीं पहुंचे। उधर, डकैती की सूचना पर घटनास्थल पर पहुचे मुखिया राजेश साह पर भी अपराधियों ने बम फेंका। जिसमें मुखिया बाल बाल बच गए। मुखिया ने अपनी जान बगल के घर के बरामदे पर छुपकर बचाई और वे भी डकैती की सूचना पुलिस को दी। सूत्रों की माने तो डकैतों ने काफी बड़ी घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित स्वर्ण व्यवसाय के साथ अन्य व्यवसाय से भी जुड़े हुए है।
पीड़ित ने बताया कि रात्रि करीब एक बजे अचानक नकाबपोश अपराधी घर को कब्जे में लेकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि नवंबर माह में उनकी पुत्री प्रियंका चैधरी की शादी तय थी। जिसको लेकर जेवरात व नकदी घर मे रखे हुए थे। डकैतों ने घर से सारा जेवरात व नकदी ले गए। डकैतों ने घर के महिलाओं से भी पहने हुए जेवरात छीन लिए। उधर, सूचना मिलते ही मधवापुर एसएचओ राजकुमार मंडल दल बल के साथ पहुँचे। वही, सुबह बेनीपट्टी एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह व पुलिस इंस्पेक्टर रंजीत निराला मौके पर पहुंचकर जांच की। एसडीपीओ ने एसएचओ को कई आवश्यक निर्देश दिए है।



