
MADHUBANI:- एसडीएम के भौतिक सत्यापन में नगर निगम सफाई ऐजेंसी के अनियमितता की खुली पोल
मधुबनी-30 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र में सफाई कार्य कर रही एजेंसी के संसाधन एवं श्रमिकों के भौतिक सत्यापन के दौरान कई अनियमितताएं सामने आयी। सोमवार को हवाई अड्डा मैदान में मानव बल, ट्रैक्टर, जेसीबी व ट्रिपर को सत्यापन के लिए एजेंसी के द्वारा प्रस्तुत किया गया। जिसमें कई गड़बड़ी सामने आयी। वहीं डीएम अमित कुमार के आदेश के बाद भी एजेंसी के द्वारा प्रयोग में लाये ठेला व डोर टू डोर कचरा उठाव के लिए रिक्शा को प्रस्तुत नहीं किया गया। जिसमें और अधिक गड़बड़ी सामने आने की आशंका व्यक्त की जा रही है। सत्यापन के लिए सदर एसडीओ अश्विनी कुमार पहंुचे और श्रमिकों से जानकारी लेनी शुरू कर दी। इसदौरान लगभग दो दर्जन सफाई कर्मी नहीं मिले या फिर कई स्थानों पर उसे दिखाने की कोशिश की गयी। जो पूछताछ के दौरान सामने आया। वहीं यहां पर तीन ट्रिपर लाया गया। लेकिन ट्रिपर के चालक अशोक ने बताया कि वे पहले ही दिन ट्रिपर निकाले हैं। अन्य ट्रिपर भी नहीं चलने की बात उन्होंने कही। इसदौरान उपायुक्त अरुण कुमार ने बताया कि एक ट्रिपर चलने की जानकारी है। वहीं ट्रैक्टर के चालकों और मजदूरों से की गयी पूछताछ में यह बात सामने आया कि तीन वाहन जो नहीं चलाया जाता है, उसे भी सत्यापन के दौरान लाया गया है। वहीं इनपर मजदूरों को नाला व डोर टू डोर वाले मजदूरों को ही दिखाने की कोशिश एजेंसी के द्वारा किया गया। इसपर एसडीओ ने एजेंसी प्रबंधक को कड़ी फटकार लगायी। एसडीओ ने सभी ट्रैक्टर का भी मुआयना किया। एजेंसी के द्वारा 10 ट्रैक्टर लाया गया था। लेकिन इसमें सात ही चलने की जानकारी चालक व श्रमिकों के द्वारा दी गयी। मौके पर उपायुक्त अरुण कुमार, सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा, सेनेटरी इंस्पेक्टर अनिल कुमार झा व एजेंसी के कर्मी थे। वहीं उपस्थित सभी मजदूरों ने दूसरी पाली में सफाई नहीं होने की बात कही। उन्होंने एसडीओ को बताया कि एक ही पाली में वे काम करते हैं और केवल उस पाली की ही राशि उन्हें दी जाती है। वहीं इन श्रमिकों ने रविवार को काम नहीं लिये जाने की बात कही। मजदूरों से की गयी पूछताछ में यह बात सामने आया कि अधिकतर डोर टू डोर मजदूरों की ही नाला पर दिखाया जाता है। यानि हर वार्ड से एक दो दिन के अंतराल पर एक डोर टू डोर लेबर की कटौती कर उसे ही नाला पर दिखा दिया जाता है। इस सत्यापन के बाद यह अनियमितता सामने आयी कि दूसरी पाली और रविवार के बिल का भुगतान अनियमित रुप से निगम कार्यालय द्वारा किया जा रहा है।
क्या कहते हैं एसडीएम-
सदर एसडीएम अश्विनी कुमार ने बताया कि पूरी जानकारी ली गयी है। पूरी रिपोर्ट डीएम को शीघ्र ही सौंप दिया जायेगा। ताकि अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।



