मधुबनी- 12 अक्टुबर। हरलाखी थाना क्षेत्र के करुणा गांव में तालाब में डूबने से एक चार वर्षीय लड़की की मौत हो गयी है। वही मृतिका की पहचान गांव के ही छोटू राय की पुत्री नंदनी कुमारी के रूप में किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदनी को लेकर उनकी मां आशा देवी बकरी के चारा हेतु पत्ते तोड़ने बधार गयी हुई थी। इसी क्रम में लड़की खेलते खेलते बगल के एक तालाब में जा गिरी। इधर मृतिका की मां को अंदेशा हुआ कि शायद बच्ची घर चली गयी होगी। जब घर गयी तो बच्ची घर पर नही थी. उसके बाद काफी खोजबीन किया। परंतु देर रात तक नहीं मिली, तो पुलिस को सूचना दिया गया। इधर मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण व परिजनों ने पुनः उक्त तालाब में खोजबीन किया तो बच्ची का शव जलकुंभी से ढका हुआ पाया। जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया। इधर शव मिलने की सूचना मिलते ही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। वहीं घटना से आहत परिजनों का रोते रोते बुरा हाल हो रहा है, गांव में मातम पसरा हुआ है।
