
MADHUBANI:दखल दिहानी के दौरान आग में झुलसे वृद्ध की पटना में इलाज के दौरान मौत
मधुबनी- 20 जून। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के सलहा पंचायत के अधवारी गांव में मंगलवार को दखल दिहानी के दौरान आग से झुलसे वृद्ध राजेंद्र ठाकुर की शनिवार को पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि, खबर भेजे जाने तक वृद्ध का शव उनके गांव नहीं पहुंचा था। बता दें कि व्यवहार न्यायालय के सिविल जज मनीष रंजन की अदालत द्वारा सुनवाई के बाद बेनीपट्टी सीओ और एसएचओ को खाता संख्या 102, खेसरा संख्या पुराना 715 और नया 1308 भूभाग पर 16 जून मंगलवार को दखल दिहानी का निर्देश दिया गया था। जिस आलोक में मजिस्ट्रेट सह सीओ अभिषेक आनंद ने थाना के एडिशनल एसएचओ संजय कुमार सिंह और पुलिस लाइन से दर्जनों की संख्या में पहुंचे बलों के साथ अधवारी पहुंच दखल दिहानी की प्रक्रिया शुरू कराई थी। जहां पीड़ित पक्ष द्वारा एक सप्ताह की मोहलत दिए जाने का प्रार्थना किया जा रहा था, लेकिन न्यायालय के आदेश के सामने सभी मजबूर थे। करीब साढ़े 4 बजे पीड़ित परिवार के वृद्ध राजेंद्र ठाकुर पूरे शरीर में आग लगे अवस्था में चिल्लाते हुए घर से बाहर की ओर भागे थे। आनन फानन में घर व आसपास के लोगों ने मौजूद पदाधिकारियों और कर्मियों के सहयोग से जैसे तैसे आग बुझाने के बाद प्रशासनिक वाहन से ही घायल वृद्ध को अनुमंडलीय अस्पताल भेजवाया था। वहां स्थिति खराब देख चिकित्सक ने मधुबनी रेफर कर दिया था। फिर वहां से डॉक्टर ने दरभंगा और वहां से पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। वो जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे। लेकिन शनिवार को जंग हार गए और दम तोड़ दिया। इस बात की सूचना गांव पहुंचते ही एक बार पुनः माहौल गमगीन हो गया है। गांव में मातम पसर गया है। स्वजन का रो रोकर बुरा हाल है।



