
JHARKHAND:- वाहन लूट गिरोह की महिला सरगना सहित 6 गिरफ्तार
रांची-05 दिसंबर। बुढ़मू थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह की महिला सरगना सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच चारपहिया वाहन, छह मोबाइल एवं 34500 रुपये नकदी बरामद किए हैं।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के नाम फरीद खान,लवली सिंह,शिवकुमार,असफाक अंसारी, अजहर एवं मुस्ताक आलम हैं। लवली सिंह पटना की रहने वाली है और वह लिफ्ट लेने के बहाने लूट की वारदात को अंजाम देती थी।
उल्लेखनीय है कि सदर थाना क्षेत्र के खिजुर टोला बस्ती निवासी सलामत अंसारी उर्फ रकीब की डिजायर कार को 27 नवम्बर को उसके चचेरा भाई चांद खान से शादी में मेहमान बनकर शामिल हुए दो लुटेरों ने मारपीट कर लूट लिया था। 28 को शादी का कार्यक्रम खत्म होने के बाद सुबह सात बजे चांद नहाने के लिए गाड़ी लेकर नदी की ओर जा रहा था, उसी वक़्त शादी में शामिल हुए दो अनजान लड़के,जो रात में भी शादी में नाच रहे थे, कार में जबरन बैठ गए कुछ दूर जाने के बाद कार चला रहे चांद के साथ मारपीट कर उसका उसका मोबाइल लूट लिया और उसे भगा दिया।
इसकी सूचना चांद ने गाड़ी मालिक अपने चचेरे भाई को नहीं दी, रात तक चांद के द्वारा घटना की जानकारी गाड़ी मालिक को नहीं दी गई। तब उन्होंने फोन लगाया तो चांद का फोन बंद मिला। उसके बाद सलामत अपने कई साथियों के साथ पहले शादी घर और फिर इधर उधर दूसरे गांव में उसकी तलाश करने निकल गए।
28 नवंबर को चांद की पत्नी ने फोन कर जानकारी दी कि वह अपने ससुराल खूंटी में सुरक्षित है। उसके बाद सलामत खूंटी गया, जहां चांद नशे में सोया हुआ मिला। पूछताछ करने पर उसने बताया कि अपराधियों ने गाड़ी लूट ली। इसकी जानकारी ग्रामीण एसपी नौशाद आलम को दी गई। एसपी के निर्देश पर खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में बुढ़मू थाना की दारोगा गुलाब की टीम ने तफ्तीश शुरू की, जिसमें शादी की रात नाच रहे कई लड़कों का वीडियो उन्हें हाथ लगा, जिसमें से तीन अज्ञात लड़कों की पहचान लुटेरों के रूप में की गई।
बाद में पुलिस ने उसी वीडियो के आधार पर छापेमारी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक से की गई पूछताछ के बाद खुलासा हुआ कि बिहार की रहने वाली गिरोह की सरगना एक महिला है, जो हजारीबाग के एक होटल में ठहरी हुई है। उसकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य युवक गाड़ियों की चोरी कर उसके हवाले करते हैं, जिसे वह महिला बिहार में खपाती है। इतनी जानकारी होने के बाद कार्रवाई करते हुए महिला दारोगा गुलाब ने हजारीबाग के होटल में ठहरी गिरोह की सरगना महिला को गाड़ी देने की बात बोलकर बुलवाई उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से टीम एक के बाद एक गिरोह के आधा दर्जन लुटेरों को धर दबोचा।



