
भाजपा के अच्छे दिन गए, अब बुरे दिन आएंगे, EVM भी नहीं बचा पाएगी : ब्रह्मानंद यादव
मधुबनी- 13 अक्टूबर। रहिका सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष व राजद नेता ब्रह्मानंद यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले देशभर में पेपर लीक को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला, जिसमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन हुआ। अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन हो रहा है। ऐसे में भाजपा का वह नारा कि ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। अच्छे दिन की बात अब तो भाजपा वाले भी भूल गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। जनता अब सब समझ चुकी है। अच्छे दिन का दावा भी जुमला साबित हुआ। अब भाजपा के बुरे दिन आने वाले है।
ब्रह्मानंद यादव ने कहा कि भाजपा के खिलाफ देश में बन रहे माहौल से स्पष्ट होने लगा है कि अगले लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार का जाना तय है। इन्हें अब EVM भी नहीं बचा पाएगी। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई अपने चरम पर है। आम आदमी का रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। महंगाई के कहर ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इन जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है। वहीं भ्रष्टाचार हर विभाग में व्याप्त है।



