
मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का निधन, ‘गदर’ में गुल खान और ‘वेलकम’ में बल्लू के किरदार से मिली खास पहचान
मुंबई- 24 सितंबर। हिंदी सिनेमा के चर्चित चरित्र अभिनेता मुश्ताक खान के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है। उनकी पीआर टीम के मुताबिक 56 वर्षीय अभिनेता पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया था, जहां गुरुवार, 24 सितंबर को शाम करीब 7 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम और FWICE के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने भी उनके निधन की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि करीब पांच साल पहले मुश्ताक खान को कैंसर का पता चला था। इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गए थे, लेकिन हाल ही में बीमारी दोबारा लौट आई, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार 25 सितंबर को मुंबई में किया जाएगा।
मुश्ताक खान ने अपने लंबे फिल्मी सफर में अलग-अलग तरह की सहायक और हास्य भूमिकाएं निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बनाई। बड़े पर्दे के साथ उन्होंने टेलीविजन और रंगमंच पर भी काम किया। ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘आशिकी’, ‘हेरा फेरी’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वेलकम’, ‘वांटेड’, ‘गदर 2’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों में वह महत्वपूर्ण सहायक भूमिकाओं में दिखाई दिए।
मुश्ताक खान के करियर में ‘गदर: एक प्रेम कथा’ का ‘गुल खान’ और 2007 में आई ‘वेलकम’ का ‘बल्लू’ किरदार खास तौर पर याद किया जाता है। ‘वेलकम’ में उनका डायलॉग “मेरी एक टांग नकली है” आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।



