
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें : विपिन कुमार झा
मधुबनी- 24 सितंबर। कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला महासचिव विपिन कुमार झा ने चुनाव आयोग के घटनाक्रम को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर लगाए गए आरोप अत्यंत गंभीर हैं। मतदाता सूची की शुचिता और वोट की रक्षा करना चुनाव आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें आयोग विफल रहा है।
विपिन कुमार झा ने कहा कि लोकतंत्र में ‘वोट ही नींव है’ और यदि उसी में कथित तौर पर छेड़छाड़ और धांधली होती है तो यह पूरे लोकतांत्रिक ढांचे के लिए खतरा है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग में व्यापक सुधार की मांग करती रही है। मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।



