
DARBHANGA: 400 साल पुराने पीर बाबा मजार को बचाने के लिए अनिश्चितकालीन धरना, NH-527E का एलाइनमेंट बदलने का आरोप
दरभंगा- 29 सितंबर। नेशनल हाईवे-527E के निर्माण में 400 साल पुराने पीर बाबा मजार के आने से विवाद गहरा गया है। हायाघाट प्रखंड के चंदनपट्टी – रघुनाथपुर स्थित इस मजार को बचाने के लिए मजार बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। लहेरियासराय-बहेड़ी मुख्य सड़क किनारे मजार परिसर में बने धरना स्थल पर आसपास के दर्जनों गांवों के लोग जुटे हैं।

क्या है ग्रामीणों का आरोप?
स्थानीय लोगों का मुख्य आरोप एलाइनमेंट में बदलाव का है। धरने में शामिल मो. चांद, मो. आसिफ रजा ने बताया कि दरभंगा से रोसड़ा तक NH-527E के लिए साल 2020 में जो एलाइनमेंट फाइनल हुआ था, उसके अनुसार सड़क मजार से करीब 50 फीट दक्षिण से गुजरनी थी। उस स्थिति में मजार को कोई नुकसान नहीं होता। लेकिन अब मौके पर हो रहे निर्माण कार्य में सड़क को मजार की तरफ खिसकाया जा रहा है, जिससे मजार का हिस्सा सड़क की जद में आ रहा है।
‘आस्था और सद्भाव का केंद्र है मजार’
ग्रामीणों ने साफ कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं। सड़क बने, लेकिन मजार को क्षति नहीं पहुंचे। यही उनकी एकमात्र मांग है। उन्होंने मांग की है कि सड़क का पुराना एलाइनमेंट ही रखा जाए। यहां हिंदू-मुस्लिम सभी समुदाय के लोग मन्नत मांगने आते हैं, चादर चढ़ाते हैं। यह सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। विकास जरूरी है, सड़क भी बननी चाहिए, लेकिन किसी धार्मिक और आस्था के केंद्र को उजाड़ कर नहीं। पहले तय मार्ग से सड़क बने तो किसी को आपत्ति नहीं है।ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और NHAI के अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर समाधान निकालने की मांग की है। जब तक मजार को सुरक्षित रखने का ठोस आश्वासन और लिखित पहल नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।



