
बिहार की सड़कों पर अब सिपाही,हवलदार व ASI वाहन जांच नही करेंगे, अगर वाहन जांच करते पाए गए तो होगी कार्रवाई
पटना- 31 जुलाई। बिहार पुलिस की ओर से बड़ा फैसला लिया गया है। अब सड़कों पर ट्रैफिक सिपाही, हवलदार और ASI वाहनाें की जांच नहीं कर सकेंगे। अगर करते पाए गए तो उनके खिलाफ विभागीय और जरूरी हुई तो कानूनी कार्रवाई होगी। उक्त जानकारी ADG ट्रैफिक सुधांशु कुमार ने दी।
पुलिस मुख्यालय के इस फैसले से सड़कों पर उस वसूली पर थोड़ी लगाम लगती दिख सकती है, जो अब तक धड़ल्ले से चल रही थी। कमाई वाले प्वाइंट पर ड्यूटी के लिए सिपाही से लेकर अन्य पुलिसवाले पैरवी लगाते और कमाई का कुछ हिस्सा वहां भी चढ़ाते रहे हैं। पुलिस वाले जो खुद निगरानी के लिए होते हैं, अब उनकी निगरानी के लिए पुलिस मुख्यालय से जांच दल जाएगा। हां, SI और उससे बड़े ओहदे वाले पदाधिकारी वाहनों की जांच और उनका चालान कर सकेंगे। ये फैसला लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए लिया गया है, इसकी जानकारी खुद ADG सुधांशु कुमार ने दी और उन्होंने कड़े शब्दों में इसके पालन की बात कही। साथ अब सभी ट्रैफिक पुलिस वालों को अपने शरीर में कैमरा पहनना पड़ेगा, जो विभाग ने उन्हें उपलब्ध कराया है, ड्यूटी के दौरान उसे ऑन रखना होगा, अगर कैमरा ऑन नहीं रहता और उस दौरान कुछ होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित सिपाही की होगी। यानी ट्रैफिक पुलिस को सुधारने के लिए ये बड़े और कड़े कदम कहे जा सकते हैं, जो पुलिस मुख्यालय ने उठाए हैं।



