
राष्ट्रीय प्रदर्शनी में दिखेगी मिथिला चित्रकला संस्थान के छात्रों की सामूहिक कलाकृति, अयोध्या में होगा प्रदर्शन
मधुबनी- 08 अक्टूबर। मिथिला चित्रकला संस्थान, मधुबनी के छात्रों द्वारा बनाई गई सामूहिक कलाकृति अब राष्ट्रीय मंच पर दिखेगी। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली द्वारा 13 अक्टूबर को अयोध्या में प्रस्तावित प्रदर्शनी “राम और रामायण – देश से परदेश तक” में इस कलाकृति का प्रदर्शन किया जाएगा।
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के अधीन मिथिला चित्रकला संस्थान के त्रि-वर्षीय कोर्स (सत्र 2024-27) के नौ छात्र-छात्राओं को इस कार्य के लिए चयनित किया गया था। इस पूरी कलात्मक परियोजना का निर्देशन कनीय आचार्य प्रतीक प्रभाकर ने किया, जबकि पद्मश्री बौआ देवी, पद्मश्री दुलारी देवी, पद्मश्री शिवन पासवान, डॉ. रानी झा और श्री संजय कुमार जायसवाल ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
कलाकृति की खासियत-
13 फीट × 5.5 फीट आकार के कैनवास पर ऐक्रेलिक रंगों और ब्रश से बनी इस कलाकृति में मधुबनी चित्रकला की दो प्रमुख शैलियों कचनी और भरनी का प्रयोग किया गया है। यह कलाकृति महाराज दशरथ के पुत्रकामेष्टि यज्ञ और चारों राजकुमारों के जन्म से शुरू होकर रामायण के प्रमुख प्रसंगों को क्रमबद्ध रूप में दर्शाती है।
यह कलाकृति गोस्वामी तुलसीदास रचित श्रीरामचरितमानस पर आधारित है, जिसमें रामायण के 21 प्रमुख प्रसंगों को पारंपरिक शैली में चित्रित किया गया है।
इसे सत्र 2024-27 के विद्यार्थी विक्की कुमार, राजू कुमार, दीपक कुमार, अंजली कुमारी मंडल, मेधा झा, ज्योति कुमारी झा, मुनकी कुमारी, सुरभी कुमारी और बिंदी कुमारी ने 9 दिनों की अथक मेहनत से तैयार किया है।
संस्थान में हर्ष –
संस्थान के निदेशक चंद्रशेखर प्रसाद सिंह ने सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल मिथिला की पारंपरिक कला-विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी तक हस्तांतरण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। रामायण जैसे कालजयी महाकाव्य को मधुबनी शैली में प्रस्तुत करना महाकाव्य परंपरा और लोककला के बीच सांस्कृतिक सेतु है।
उप-निदेशक नीतीश कुमार ने कहा कि अयोध्या में प्रदर्शन से युवा कलाकारों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा और मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक प्रतिष्ठा मिलेगी।
इस चयन पर निदेशक, उप-निदेशक, आचार्यगण, लेखा पदाधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद यादव, सहायक रूपा, विकास कुमार मंडल, डाटा ऑपरेटर अर्जुण कुमार, मो. अरमान, मो. सरफराज, नीतीश कुमार और अभिषेक कुमार ने हर्ष जताया।



