
CM सम्राट ने किया मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभुकों का उन्मुखीकरण, प्रथम किस्त की राशि का वितरण
पटना- 08 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बापू सभागार में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत चयनित लाभुकों के एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रथम किस्त की राशि वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 1 करोड़ परिवारों को उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत एमएसएमई के माध्यम से 45,000 उद्यमी तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के प्रत्येक जिले में एमएसएमई केंद्र खोले गए हैं। राज्य में निर्मित वस्तुओं की 25 से 40 प्रतिशत तक सरकारी खरीद किए जाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए पीपीपी मोड में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य है। अगले पांच वर्षों में उद्योगों के लिए 20,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में योजना के लाभुक उपस्थित थे।



