बिहार की बेटियों ने फिर दिखाया दम, मेघालय को 4 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की
पटना/सोविमा, 27 अक्टूबर। बीसीसीआई सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में बिहार की टीम विजय रथ पर सवार है। टीम ने प्लेट डिवीजन के दूसरे मुकाबले में मेघालय को रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली। नागालैंड के सोविमा में खेला गया यह मैच आखिरी गेंद तक गया। बिहार ने आखिरी बॉल पर जीत हासिल कर अपने इरादे साफ कर दिए।
मेघालय की कप्तान अकेले लड़ी—
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेघालय की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 100 रन ही बना सकी। मेघालय के लिए कप्तान देवासमिटा दत्त ने अकेले मोर्चा संभाला। उन्होंने 69 गेंदों में 13 चौकों की मदद से नाबाद 72 रन की शानदार पारी खेली। बाकी कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। बिहार की ओर से प्रीति कुमारी ने 2 और अंशु अपूर्वा ने 1 विकेट लिया, बाकी रनआउट रहे।
आखिरी गेंद पर बिहार की जीत—
101 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम ने टीम को संभाल लिया। बिहार ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 101 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
बिहार के लिए वैदेही यादव ने 24 रन, अपूर्व कुमारी ने 21 रन, प्रगति सिंह ने 21 रन, याशिता सिंह ने 14 रन और आर्य सेठ ने नाबाद 11 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ बिहार ने प्लेट ग्रुप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। बिहार का अगला मुकाबला 29 अक्टूबर को मिजोरम के खिलाफ होगा।



