क्राइम

BIHAR:- मुजफ्फरपुर में बारात में ट्रॉली हटाने को लेकर उपजे विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या

मुजफ्फरपुर- 20 अप्रैल। मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुशियों वाले घर में मातम पसर गया। जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक 27 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक मानिकपुर गांव के निवासी जागेश्वर सहनी की बेटी की शादी बीती रात थी। बारात पियर थाना क्षेत्र के मनोज सहनी के घर से आई थी। गांव में उत्सव का माहौल था और सड़क पर म्यूजिक ट्रॉली बजाकर बाराती और लड़की पक्ष के लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही राहुल कुमार (27 वर्ष), पिता विनोद सहनी, अपना ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था।

सड़क पर म्यूजिक ट्रॉली की वजह से रास्ता बाधित था, जिसे लेकर राहुल ने वहां मौजूद लोगों से ट्रॉली साइड करने को कहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस बात को लेकर राहुल और बारात में शामिल कुछ लोगों के बीच तीखी नोकझोंक और कहासुनी हुई। हालांकि, उस वक्त ट्रॉली हटा ली गई और राहुल ने अपना ट्रैक्टर आगे ले जाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया।

मामला गांव का था, इसलिए राहुल विवाद को भूलकर बारात के स्वागत (दरवाजा लगने) की रस्म देखने के लिए रुक गया लेकिन आरोपित पक्ष के मन में खुन्नस बाकी थी। बताया जा रहा है कि जब राहुल दरवाजा लगने की रस्म के बाद वापस अपने घर लौट रहा था, तभी बारात में आए कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे बीच रास्ते से उठा लिया।परिजनों ने बताया कि जब राहुल काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन रात भर उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह होते ही ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर राहुल का खून से लथपथ शव देखा। युवक के सिर से लेकर पैर तक गहरे जख्म के निशान थे, जो उसकी बेरहमी से की गई पिटाई की तस्दीक कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर मीनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पूर्वी, अलय वत्स ने बताया कि “मीनापुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में विवाद की वजह बारात की ट्रॉली हटाना सामने आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” वर्तमान में गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। पुलिस बारात में आए संदिग्धों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button