
बिहार को मिलेंगे दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम प्रोजेक्ट पर 10 हजार करोड़ का निवेश
पटना- 28 सितंबर। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में अजगैबीनाथ धाम और सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के प्रथम चरण में 3,500 करोड़ और सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण में 6,500 करोड़ का निवेश पीपीपी मोड पर प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट को बड़े विमानों के संचालन के अनुरूप रन-वे और आवश्यक आधारभूत संरचना के साथ विकसित किया जाएगा। इससे मुंगेर, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, बांका, खगड़िया, बेगूसराय सहित आसपास के जिलों और श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर हवाई सुविधा मिलेगी। वहीं, सोनपुर एयरपोर्ट को बड़े विमानों के संचालन, कार्गो सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी के हिसाब से विकसित किया जाएगा। इससे बिहार के 22 जिलों सहित झारखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं में तेजी लाने और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को आपसी समन्वय के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन दोनों एयरपोर्ट के बनने से राज्य में हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।



