
बिहार
BIHAR:- मशरूम उत्पादन से बढ़ी आय, मिला रोजगार का नया अवसर
सारण- 24 सितंबर। जिले के वेल्डी निवासी निकेत शर्मा ने पारंपरिक धान एवं गेहूं की खेती के साथ मशरूम उत्पादन को अपनाकर आय के नए अवसर सृजित किए हैं। कृषि विभाग, सारण के संपर्क में आने के बाद उन्हें आत्मा (ATMA) योजना के अंतर्गत मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण मिला।
प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान का उपयोग करते हुए उन्होंने अपने स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू किया। मशरूम उत्पादन से उनकी कृषि आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस गतिविधि के माध्यम से स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। निकेत शर्मा की यह पहल अन्य किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ वैकल्पिक एवं आयवर्धक कृषि गतिविधियों को अपनाने की प्रेरणा देती है।



