
BIHAR:- पूर्णिया में 50 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
पूर्णिया- 12 सितंबर। पूर्णिया पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। के. हाट थाना पुलिस ने 306.85 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान जानकीनगर थाना क्षेत्र के तेतराही वार्ड-04 निवासी 30 वर्षीय सौरभ कुमार, पिता श्यामानंद यादव के रूप में हुई है। उसके पास से स्मैक के अलावा एक मोबाइल भी बरामद किया गया है। सदर-01 के SDPO अभिनव परासर ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाइन बाजार से आरएन साह चौक की ओर स्मैक लेकर आ रहा है। सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SDPO के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फोर्ड कंपनी चौक के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर टोटो से उतरकर हाथ में गुलाबी झोला लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में गुलाबी झोले के अंदर काली पन्नी में लिपटे सफेद पन्नी के तीन पैकेट मिले, जिसमें स्मैक रखा था। वजन करने पर कुल 306.85 ग्राम स्मैक निकला।
इस मामले में के. हाट थाना में कांड सं. 414/26, धारा 8(c)/21(c) NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब इस रैकेट के सोर्स और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष सह निरीक्षक रंजन कुमार ठाकुर, SI रश्मिका कुमारी, उज्ज्वल कुमार, संजीत कुमार, परिवीक्षाधीन SI हरि प्रसाद कुमार और DIU टीम के जवान शामिल थे।



