पटना- 21 जुलाई । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जश्न मनाया गया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से आयकर गोलम्बर तक महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया।
बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता खासकर महिला मोर्चा के कार्यकर्ता एवं आदिवासी समाज की महिला एवं पुरुषों ने अपनी पारम्परिक नृत्य के माध्यम से खुशी का इजहार किया । बिहार के उप मुख्यमंत्री द्वेय समेत पार्टी के वरिष्ठ नेतागण भी जुलूस में शामिल हुए।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू की जीत से महिलाओं एवं खासकर आदिवासी समाज के लिए गर्व की बात है। देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू समाज के निचले पायदान से महामहिम की कुर्सी पर विराजमान होने जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं । भाजपा ने हमेशा से महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है।महिलाओं के लिए गर्व की बात है। केन्द्रीय नेतृत्व को बधाई। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने यह जता दिया कि वह अन्त्योदय के मूल मंत्र को लेकर चल रही है।
भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा ने केन्द्रीय नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला को राष्ट्रपति पद पर बैठाकर समूचे महिला समाज का मान-सम्मान और स्वाभिमान को बढ़ाया है । इसके लिए भाजपा नेतृत्व को बधाई है।
जुलूस एवं जश्न में शामिल होने वाले में मुख्य रूप से बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव नारायण महतो, नीतीश मिश्रा, सिद्धार्थ शम्भू, राजेश वर्मा, प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार, प्रदेश मंत्री सजल झा, प्रवीण दास तांती, अमृता भूषण, पूनम शर्मा, शीला प्रजापति, संजीव क्षत्रीय, विधायक राम सिंह, कुंदन सिंह, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, अखिलेश सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह आदि थे।
