
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली- 17 अगस्त। देश भर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तटों पर बने कम दबाव के क्षेत्र ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगा, तो वहीं कुछ इलाकों में हल्की राहत भरी फुहारें भी गिरेंगी। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहाना रहने का अनुमान है।
दिल्लीवासियों के लिए मौसम सुहाना रहने वाला है। मंगलवार को सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार और गुरुवार को दो दिनों में सुबह से दोपहर के वक्त हल्की बारिश की बौछारें और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान सामान्य बना रहेगा।
उल्लेखनीय है कि आज राजधानी में हल्की बारिश का अनुमान था लेकिन यहां इस दिन हल्की धूप का असर रहा जिससे उमस भरी गर्मी महसूस की गई।
पूर्वी भारत सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र है, यहां बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव का सबसे भारी असर इसी क्षेत्र पर है। 18 से 23 अगस्त के दौरान अंडमान-निकोबार, गांगेय व उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार और ओडिशा में व्यापक बारिश होगी। 18 अगस्त को झारखंड में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
मध्य भारत में 18 से 21 अगस्त के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 से 19 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 से 21 अगस्त के बीच झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश की आशंका है।
पश्चिम भारत के कोंकण और गोवा में 23 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। वहीं गुजरात क्षेत्र में 18 से 23 अगस्त के बीच छिटपुट से लेकर भारी बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर सक्रिय रहेगा। 18 से 19 अगस्त के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं (40-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। इनमें ओडिशा (21 सेमी), उत्तराखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ (12-20 सेमी), असम, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, बिहार और पश्चिमी मध्य प्रदेश में (7-11 सेमी) भारी बारिश दर्ज की गई।



