
देश में गाय को मिले राष्ट्रीय पशु का दर्जा, अखलाक सिद्दीकी ने PM से की मांग
मधुबनी- 17 मई। देश में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग एक बार फिर चर्चा में है। मधुबनी के सामाजिक कार्यकर्ता अखलाक सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की है। अखलाक सिद्दीकी ने कहा कि भारत में गाय करोड़ों लोगों की आस्था और सम्मान का प्रतीक है।
कृषि, दुग्ध उत्पादन और जैविक खेती में गाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। लेकिन दुख की बात यह है कि आज गाय के नाम पर समाज में तनाव, हिंसा और मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं भी देखने को मिल रही हैं, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक और निंदनीय हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाता है, तो इसके साथ सख्त और संतुलित कानून भी बनाया जाना चाहिए। गाय की तस्करी, अवैध खरीद-बिक्री और क्रूरता करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी। गाय के नाम पर कानून हाथ में लेने, हिंसा फैलाने और निर्दोष लोगों को निशाना बनाने वालों पर भी समान रूप से कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य न्याय और सामाजिक शांति होना चाहिए। गाय की रक्षा के नाम पर किसी निर्दोष पर अत्याचार मानवता के खिलाफ है। सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए, जिसमें गाय बेचने, तस्करी करने और हिंसा फैलाने वालों सख्त कार्रवाई हो सके। अखलाक सिद्दीकी ने कहा कि इस विषय को केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, कानून व्यवस्था और राष्ट्रीय सम्मान के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।



