
मधुबनी नगर निगम बोर्ड की बैठक 23 सितंबर को, विकास के 22 अहम प्रस्तावों पर होगी चर्चा
मधुबनी- 18 सितंबर। नगर निगम मधुबनी बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक 23 सितंबर को आहूत की गई है। नगर आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी पत्रांक 2393 के अनुसार बैठक दोपहर 1:00 बजे नगर निगम सभा भवन में होगी, जिसमें कुल 22 विचारणीय विषयों पर चर्चा की जाएगी।
प्रशासनिक एवं शिक्षा से जुड़े 5 प्रस्ताव—
गत बैठक की संपुष्टि, सशक्त स्थायी समिति के निर्णयों के अनुमोदन, सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत सरकारी मकानों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण, शिव गंगा व वाटसन स्कूल में स्मार्ट क्लास निर्माण तथा नगर निगम की खाली भूमि पर दुकानों के निर्माण पर विचार किया जाएगा।
पार्क व कर्मियों से जुड़े 5 प्रस्ताव—
नव निर्मित प्रमोद चिल्ड्रेन पार्क में मिथिला संस्कृति व योगा के लिए 66 इंच टीवी व वाई-फाई की स्थापना, पार्क की सुरक्षा के लिए तीन सुरक्षाकर्मी, दो माली, टिकट काउंटर व कैंटीन की बंदोबस्ती, डिलक्स शौचालय के आउटसोर्सिंग तक दैनिक पारिश्रमिक पर संचालन, वार्ड निरीक्षक महेश राम के VRS एवं वार्ड 30/42 में नल-जल योजना के भुगतान की घटनोत्तर स्वीकृति पर चर्चा होगी।
योजना एवं लाइट से जुड़े 5 प्रस्ताव—
वीरा वेंचर के एकरारनामा विस्तार, नल-जल मेंटेनेंस के लिए नई एजेंसी का चयन, विभिन्न योजनाओं का चयन, छूटे हुए पोलों पर स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन तथा सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों के संचालन पर विचार होगा।
सबसे अहम 7 बड़े विकास कार्य—
अधीक्षण अभियंता से प्राप्त NIT के तहत तिरंगा लाइट (52 लाख), बड़ा डस्टबीन (87.75 लाख), रोड स्वीपिंग मशीन (80 लाख), टोइंग वैन (43 लाख) व जेटिंग कम सक्शन मशीन (1.04 करोड़) की खरीद, ट्विन बिन व 1100 लीटर डस्टबीन क्रय, सम्राट अशोक भवन (1.52 करोड़) की घटनोत्तर स्वीकृति, मूसानगर डंपिंग स्थल पर 5 एकड़ में पड़े 16000 टन कचरे के निष्पादन हेतु 88 लाख का प्रस्ताव, किंग्स, वाटसन व राज कैनाल के जीर्णोद्धार, विद्युत शवदाह गृह एवं सिग्नेचर रोड निर्माण पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।



