
BIHAR:- मधुबनी नगर निगम का कारनामा: सिस्टम की पोल खोल रहा सड़क से ऊंचा नाला, हादसे को न्योता
मधुबनी, 18 सितंबर। नगर निगम के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत वार्ड 22 में देखने को मिल रही है। वार्ड के जलधारी चौक से पंचवटी चौक जाने वाली सड़क पर हो रहे नाला निर्माण पूरे सिस्टम की पोल खोल रहा है।
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि एक बालक सड़क से करीब 2 से 2.5 फीट ऊंचे नाले के स्लैब पर साइकिल चला रहा है। जरा सी चूक हादसे को न्योता दे सकती है। वहीं, बगल की सड़क कीचड़ और गंदे पानी से लबालब है, जिस पर एक रिक्शा चालक बड़ी मुश्किल से रिक्शा खींच रहा है। एक तरफ सड़क से ऊंचा नया नाला, दूसरी तरफ बदहाल, कीचड़ भरी सड़क। यही है नगर निगम के विकास की हकीकत।
वार्ड 22 के स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निर्माण पूरी तरह इंजीनियर और संवेदक की मनमानी का नतीजा है।
नियमानुसार नाला सड़क के लेवल से नीचे या बराबर होना चाहिए ताकि पानी का निकास हो सके। लेकिन यहां उल्टा कर दिया गया है। इससे बरसात का पानी नाले में जाने के बजाय सड़क और लोगों के घरों में घुसेगा। जल निकासी के लिए बना नाला ही अब जलजमाव का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों ने इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है और जिलाधिकारी से इस पूरे निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी संवेदक व संबंधित इंजीनियर पर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो जिलाधिकारी व नगर आयुक्त को आवेदन सौंपा जाएगा। सहयोग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।



