
प्रवासी श्रमिकों के लिए नया ऐप, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स और लेबर चौक ऐप पर रजिस्ट्रेशन की अपील
मधुबनी – 17 सितंबर। श्रम कल्याण दिवस के अवसर पर को मधुबनी के सेमिनार हॉल में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम अधीक्षक श्री रतीश कुमार ने की। सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों द्वारा सम्मिलित रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
श्रम अधीक्षक ने बताया कि श्रम संसाधन विभाग द्वारा प्रवासी श्रमिकों के डाटा संग्रहण के लिए “बिहार प्रवासी कामगार ऐप” बनाया गया है। इस ऐप के माध्यम से बिहार के बाहर काम करने वाले श्रमिकों को सहायता एवं सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत प्रवासी श्रमिकों को वर्तमान में आंशिक अपंगता पर 50 हजार, पूर्ण अपंगता पर 1 लाख, मृत्यु होने पर आश्रितों को 4 लाख की आर्थिक सहायता दी जाती है।
इसके साथ ही सभी Construction Workers को नए पोर्टल पर निबंधन और सभी श्रमिकों को लेबर चौक न्यू ऐप पर जल्द से जल्द Registration करने की अपील की गई।
शिविर में श्रम कानून, कल्याणकारी योजनाओं की उपयोगिता, बाल श्रम निषेध, नशा मुक्त समाज और श्रमिकों के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी गई। वरीय पदाधिकारियों ने कहा कि श्रमिक कड़ी मेहनत से कृषि, कंस्ट्रक्शन एवं अन्य क्षेत्रों में राज्य के विकास को रफ्तार देते हैं। जिला प्रशासन आपके द्वार के माध्यम से श्रमिकों की समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में विष्णुधर शर्मा, रौशन कुमार, अमित कुमार, अभिषेक कुमार, अश्विनी राज, हामिद गफूर, हितेश कुमार, सरफराज अहमद, आकांक्षा व विभिन्न श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।



