
BIHAR:- मधुबनी के लाल की हैट्रिक, शम्स आलम तीसरी बार एशियन पैरा गेम्स के लिए चयनित
मधुबनी, 17 सितंबर। बिहार के लिए गर्व का क्षण। अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम को जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में आधिकारिक रूप से चयनित किया गया है। यह उनका लगातार तीसरा एशियाड होगा।
इसी के साथ भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने एशियन पैरा गेम्स की तैयारी के लिए नेशनल कोचिंग कैंप को मंजूरी दे दी है। SAI की टीम्स डिवीजन द्वारा जारी पत्र के अनुसार 14 सदस्यीय भारतीय पैरा स्विमिंग टीम में शम्स आलम (SB4 क्लास) के साथ अब्दुल कादिर इंदौरी, रोहित कुमार, सुयश जाधव, निरंजन मुकुंदन समेत देश के टॉप पैरा तैराक शामिल हैं। मधुबनी से निकलकर तीसरी बार एशिया में तिरंगा लहराने जा रहे शम्स आलम।
शम्स ने बताया कि 2026 एशियन पैरा गेम्स, जापान में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आधिकारिक रूप से चुने जाने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं, यह मेरा लगातार तीसरा एशियाड है। बता दें कि शम्स आलम ने हाल ही में 9 मई को स्वीडन के फाल्केनबर्ग में आयोजित Para Swim Open Championship में 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 कैटेगरी में कांस्य पदक जीता और नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा। इसी प्रदर्शन के दम पर उनकी IPC वर्ल्ड रैंकिंग 4 हो गई। जापान के लिए क्वालिफाई कर गए।
एशियन पैरा गेम्स 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में होगा। शम्स वर्तमान में बिहार सरकार के वित्त विभाग में डाटा एंट्री ऑपरेटर (ग्रेड-C) के पद पर कार्यरत हैं और 2018 जकार्ता और 2022 हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।



