
जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर ने सचिन तेंदुलकर का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
हरारे, 15 सितंबर। जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में मैदान पर उतरते ही महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का लंबे समय से कायम रिकॉर्ड तोड़ दिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में मंगलवार को खेले जा रहे मुकाबले में टेलर अपना 208वां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरे।
टेलर के एकदिवसीय करियर को अब 22 साल और चार महीने हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2012 में एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास लिया था और उनका इस प्रारूप में करियर 22 साल और तीन महीने का रहा था।
टेलर ने इसी मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 2004 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इस तरह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत से लेकर अब तक 22 साल से अधिक का समय हो चुका है।
हालांकि, एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अब भी तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 463 मैचों में 18,426 रन बनाए हैं। वहीं, टेलर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से पहले 207 एकदिवसीय मैचों में 6,704 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं।
टेलर ने 2021 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद 2022 में आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी और डोपिंग रोधी संहिताओं के उल्लंघन के कारण उन पर साढ़े तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
प्रतिबंध पूरा करने के बाद टेलर ने 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। जिम्बाब्वे अगले साल दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ एकदिवसीय विश्व कप की सह-मेजबानी करेगा और इसी तैयारी के बीच टेलर ने फिर से टीम का हिस्सा बनने का फैसला किया।



