
MADHUBANI:- सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में मृत छात्रों को श्रद्धांजलि, खुटौना में निकला कैंडल मार्च
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में मृत छात्रों को श्रद्धांजलि, खुटौना में निकला कैंडल मार्च
मधुबनी- 15 सितम्बर। दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में मृत छात्रों को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार को मधुबनी जिले के खुटौना प्रखंड मुख्यालय में कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च का आयोजन दुर्गा मैदान से इंदिरा चौक तक किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्र-युवाओं ने हिस्सा लिया। मार्च का नेतृत्व गोपाल कुमार नेगी ने किया।
दुर्गा मैदान से निकला कैंडल मार्च मुख्य बाजार होते हुए इंदिरा चौक पहुंचा, जहां सभा में तब्दील हो गया। इस दौरान छात्र-युवाओं ने मृत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की और हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए सोशल एक्टिविस्ट बिमल कुमार आनंद ने कहा कि संसद भवन जैसी महत्वपूर्ण इमारतें आज तक ध्वस्त नहीं हुई हैं, लेकिन शोषित और वंचित छात्रों का हॉस्टल ध्वस्त हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी घटना क्यों हुई और सरकार इस मामले में असंवेदनशील क्यों बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार अविलंब पीड़ित छात्रों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराए तथा हादसे के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करे। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
सभा को अभिषेक कुमार गुप्ता, अरविंद कुमार यादव, राकेश कुमार यादव, पंकज कुमार, कमलेश कुमार, शंकर कुमार, कृष्णा कुमार समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने छात्रों की सुरक्षा, पीड़ित परिवारों को न्याय और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।



