
रूस-ईरान कनेक्शन पर अमेरिका का VTB बैंक पर नया वार, ईरान को प्रतिबंधों से बचाने में मदद का आरोप
वाशिंगटन- 15 सितंबर। अमेरिका ने रूस के प्रमुख वित्तीय संस्थान वीटीबी बैंक पर ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने में मदद करने के आरोप में नए प्रतिबंध लगाए हैं। वाशिंगटन का आरोप है कि वीटीबी ने ईरान की अरबों डॉलर की फ्रीज संपत्तियों को स्थानांतरित करने में मदद की और प्रतिबंधित ईरानी बैंकों के साथ संबंध बनाए।
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि वीटीबी ने ईरान में कार्यालय खोले और प्रतिबंधों का सामना कर रहे ईरानी वित्तीय संस्थानों के साथ कारोबारी संबंध स्थापित किए। बैंक ने ईरान की अरबों डॉलर की संपत्ति को इधर-उधर करने में भी भूमिका निभाई।
अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि वह उन वित्तीय माध्यमों को बंद करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनका इस्तेमाल ईरानी सरकार कथित तौर पर आतंकवाद के वित्तपोषण और क्षेत्रीय अस्थिरता फैलाने के लिए करती है। गौरतलब है कि रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद 2022 में ही अमेरिका ने वीटीबी पर प्रतिबंध लगा दिए थे। मौजूदा प्रतिबंधों के तहत अमेरिकी नागरिकों और संस्थानों के लिए बैंक के साथ लेन-देन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने इस कार्रवाई को पिछले महीने शुरू की गई ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ पहल से जोड़ते हुए कहा कि ट्रेजरी उन लोगों और संस्थाओं को निशाना बनाना जारी रखेगा, जो ईरानी सरकार को वित्तीय या तकनीकी मदद उपलब्ध कराते हैं।



