
MADHUBANI:- मध्य विद्यालय हरिपुर गौड़ीदास टोल परिसर में ‘पिस्टल लहराया डांस से प्रधानाध्यापक की हिली कुर्सी, निलंबित
मधुबनी- 10 सितंबर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने शिक्षा विभाग को हिला कर रख दिया है और एक प्रधानाध्यापक की कुर्सी चली गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें जिले के कलुआही प्रखंड के मध्य विद्यालय हरिपुर गौड़ीदास टोल के परिसर में एक नर्तकी द्वारा पिस्टल लहराते गाने पर नृत्य संचालित किया जा रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने इसको गंभीरता से लिया और जांच पाया कि प्रधानाध्यापक भूषण कुमार सिंह ने विद्यालय परिसर में इस तरह के कार्यक्रम की अनुमति दी थी।

डीईओ ने पहले ही लगाई थी फटकार—
इससे पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी के पत्रांक-4949 दिनांक 08.09.2026 द्वारा हेडमास्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा जारी कार्यालय आदेश ज्ञापांक 5030/स्थापना, दिनांक 10/09/2026 में कहा गया है कि यह कृत्य विभागीय नियमों के प्रतिकूल, अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, विद्यालय परिसर में इस तरह के कार्यक्रम पर रोक लगाने में अक्षम स्वेच्छाचारिता एवं बिहार सरकारी सेवक आचार नियम का उल्लंघन प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया। इस आरोप में प्रधानाध्यापक भूषण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केन्द्र फुलपरास निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में सिर्फ जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। उनके विरुद्ध आरोप पत्र अलग से गठित किया जाएगा।



