स्पोर्ट्स

ICC महिला रैंकिंग: हंटर करियर की सर्वश्रेष्ठ 11वीं रैंक पर पहुंचीं, मंधाना और दीप्ति को भी फायदा

दुबई- 08 सितंबर। आयरलैंड की विकेटकीपर बल्लेबाज एमी हंटर इंग्लैंड के खिलाफ शानदार वनडे शृंखला के बाद आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 11वीं रैंकिंग पर पहुंच गई हैं। वहीं, महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में महत्वपूर्ण सुधार किया है।

20 वर्षीय हंटर ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की आईसीसी महिला चैंपियनशिप शृंखला में 62, 64 और 39 रन बनाए। इंग्लैंड ने श्रृंखला 3-0 से अपने नाम की, लेकिन हंटर के प्रदर्शन से उन्हें करियर के सर्वश्रेष्ठ 644 रेटिंग अंक मिले। वह आयरलैंड की महिला बल्लेबाजों में सर्वाधिक रेटिंग अंक हासिल करने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनसे आगे केवल मिरियम ग्रीली हैं, जिन्होंने अगस्त 2000 में 654 अंक हासिल किए थे।

इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में हंटर ने 62 रन बनाए, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 64 रन की पारी खेलकर आयरलैंड की ओर से सर्वोच्च स्कोर बनाया। पहले मैच में इंग्लैंड ने मायआ बूशियर के 104 रन की मदद से 282 रन का लक्ष्य 71 गेंद शेष रहते हासिल किया था, जो उसका वनडे में रिकॉर्ड सफल रन चेज था।

वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड की मैडी ग्रीन और वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज एक-एक स्थान ऊपर चढ़कर क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं। इंग्लैंड की कप्तान नेट स्किवर-ब्रंट पिंडली की चोट से उबरने के कारण श्रृंखला से बाहर थीं, जिसके चलते वह दो स्थान नीचे खिसक गई हैं।

इंग्लैंड की मायआ बूशियर 13 स्थान की छलांग लगाकर 42वें और सोफिया डंकली 26 स्थान ऊपर चढ़कर 43वें स्थान पर पहुंच गई हैं। डंकली ने तीसरे वनडे में 119 रन बनाकर अपना दूसरा वनडे शतक लगाया। वहीं, फ्रेया केम्प 37 स्थान की बड़ी छलांग के साथ 76वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड की कार्यवाहक कप्तान चार्ली डीन दो स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं। लॉरेन फिलर 14 स्थान की छलांग के साथ 39वें और आयरलैंड की कारा मरे 16 स्थान ऊपर चढ़कर 50वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

टी20 रैंकिंग में मंधाना और दीप्ति को फायदा

महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन का असर नवीनतम आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी देखने को मिला है। शीर्ष 15 बल्लेबाजों की सूची में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शीर्ष पांच में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।

मंधाना ने हांगकांग, चीन के खिलाफ 64 गेंदों पर 124 रन की शानदार पारी खेली थी। वह चौथे स्थान पर मौजूद हेली मैथ्यूज से अब सिर्फ 12 रेटिंग अंक पीछे हैं। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 137 रन से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

मंधाना इस पारी के दौरान महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गईं। उन्होंने मिताली राज के 10,868 रन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। यह मंधाना का 18वां अंतरराष्ट्रीय शतक भी था, जिससे वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाकर छठा स्थान हासिल किया है। वह ऑलराउंडरों की सूची में पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं।

बांग्लादेश की शोभना मोस्तारी तीन स्थान ऊपर चढ़कर 36वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने इंडोनेशिया के खिलाफ 40 रन बनाने के बाद श्रीलंका के खिलाफ 34 रन की पारी खेली। हालांकि बांग्लादेश को उस मुकाबले में चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

संयुक्त अरब अमीरात की कप्तान ईशा ओजा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 39वें स्थान पर पहुंच गई हैं और ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष 20 के करीब बनी हुई हैं। उन्होंने इंडोनेशिया के खिलाफ 29 गेंदों पर 30 रन बनाने के साथ दो विकेट लेकर अपनी टीम को महिला एशिया कप में पहली जीत दिलाई। उन्हें मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

बांग्लादेश की गेंदबाज मारुफा अख्तर 19 स्थान की छलांग लगाकर 18वें और सुल्ताना खातून नौ स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 37वें स्थान पर पहुंच गई हैं। श्रीलंका के खिलाफ मारुफा ने 21 रन देकर तीन विकेट लिए थे।

थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग चार स्थान ऊपर चढ़कर 47वें और सुलेपॉर्न लाओमी 10 स्थान की छलांग के साथ 53वें स्थान पर पहुंच गई हैं। लाओमी ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में तीन विकेट लिए थे, हालांकि थाईलैंड को इस मैच में 35 रन से हार मिली।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!