
टिकारी में भुइयां-मुसहर सम्मेलन में पहुंचे तेजस्वी यादव, दलित-वंचित समाज को सम्मान का दिया संदेश
गया जी- 06 सितंबर। जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र के महमन्ना राम विवाह हाई स्कूल खेल परिषद मैदान में भुइयां-मुसहर सम्मेलन सह झूमर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने किया। नेता प्रतिपक्ष को कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में टिकारी विधायक अजय दांगी, बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत, गुरुआ के पूर्व विधायक विनय यादव, युवा नेता विनोद यादव सहित राजद के कई वरिष्ठ नेता, जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में मुसहर, दलित, अति पिछड़ा वर्ग के लोग शामिल हुए।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक अजय दांगी ने कहा कि आयोजक भोला मांझी के निमंत्रण पर तेजस्वी यादव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दलित और वंचित समाज को सम्मान देने का संदेश दिया। राजद ने भगवतिया देवी को सांसद और समता देवी को विधायक बनाकर दलितों को राजनीतिक भागीदारी दी है।
तेजस्वी यादव के कार्यक्रम से लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह बना रहा है। युवा नेता विनोद यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव का इस सम्मेलन में आना दलित समाज के प्रति सम्मान का प्रतीक है। राजद हमेशा वंचितों की आवाज उठाता रहा है। आरक्षण उनका हक है।



