अनंत सिंह का बड़ा हमला: “JDU 12 सीट पर सिमट जाएगी, खाता खुलना भी मुश्किल”
“JDU से निकाले जाने पर गरजे अनंत सिंह: “नीतीश जी का सम्मान आज भी है, पार्टी पर कब्जा कोढ़ा-बिच्छू कर लिए हैं” मरने का गम नहीं, जीने की खुशी नहीं: “मुझे निकाल दिया तो कोई गम नहीं, जनता सब देख रही है”
मोकामा/पटना 25 अक्टूबर। जेडीयू से निष्कासित किए जाने के बाद विधायक अनंत सिंह ने एक टीवी चैनल को दिए बयान में पार्टी नेतृत्व पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई गम नहीं है।
अनंत सिंह ने कहा कि हमको कोई दिक्कत नहीं है। हम उचित काम किए हैं। पार्टी निकालती है तो ठीक है। हम यह कहने नहीं जाएंगे कि हमको रख लीजिए। हम अपने बात पर आज भी कायम हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कहा कि उनके दिल में आज भी सम्मान है। नीतीश जी का सम्मान रहेगा, कहीं भी रहेंगे तो सम्मान रहेगा। नीतीश जी रहते तो कौन पार्टी से निकाल देता? आज तो बेचारे को कुछ है नहीं।
पार्टी पर निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने कहा कि कुल का कोढ़ा-बिच्छू पार्टी का मालिक बन गया है। 15 सीट नहीं आवेगा, जो मंत्री-संत्री बन-बन के बैठा है, उसका पता लग जाएगा।
विधानसभा सदस्यता खत्म करने के सवाल पर उन्होंने बेबाकी से कहा कि कुछ तो कर देंगे। हम तो कह रहे हैं मरने का गम है, ना जीने की खुशी है। 12 को सीट में सिमट जाएंगे, खाता खुलना भी मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने साफ किया कि उनका हमला पार्टी पर नहीं, बल्कि जेडीयू नेता नीरज कुमार पर था। हम पार्टी पर नहीं, नीरज कुमार पर बोल रहे हैं।
भविष्य की राजनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने कुछ सोचा नहीं है। अंत में उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देंगे। जनता मालिक है, जनता भगवान है। हमको निकाल दें ना, पता लग जाएगा इलेक्शन आवेगा तो। JDU हम नहीं जानते, हम सिर्फ नीतीश जी का नाम जानते हैं।
गौरतलब है कि जेडीयू ने अनंत सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित करते हुए उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने के लिए अध्यक्ष को पत्र लिखा है।



