
बिहार में बाढ़ के बीच मछली खाने से रहे हैं सावधान! सरकार ने जारी की एडवाइजरी, नेपाल के पानी संग आई अज्ञात मछलियां
पटना- 02 सितंबर। बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। कोसी, गंडक और बागमती उफान पर हैं। इस बीच डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मत्स्य प्रभाग ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगले कुछ दिनों तक मछली के सेवन से बचें। मत्स्य विभाग के अनुसार नेपाल से आए बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में अज्ञात और असामान्य प्रकार की मछलियों के पहुंचने की सूचना मिली है। इन मछलियों का रंग, आकार और प्रजाति आम मछलियों से अलग है। कुछ जगहों पर इन मछलियों के सेवन से लोगों के बीमार पड़ने की भी खबर है।
विशेषज्ञों के अनुसार बाढ़ के पानी के साथ बहकर आई ये मछलियां दूषित पानी, कीचड़ और रासायनिक कचरे के संपर्क में आई हो सकती हैं। कई जहरीली प्रजातियां भी हो सकती हैं जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। विभाग ने जिला मत्स्य पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी रखें। लोगों को जागरूक किया जाए। अज्ञात मछलियों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।फिलहाल लोगों से अपील है कि बाजार में भी अज्ञात स्रोत से आई सस्ती मछलियों को न खरीदें और सेहत को लेकर सतर्क रहें।



