
बिहार में फिल्म सिटी का होगा निर्माण: मुख्यमंत्री
पटना- 24 अगस्त। मुख्यमंत्री सम्राट चौधर ने आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की धरती पर जियो हॉट स्टार और कलर्स द्वारा ‘भोजपुरी बवाल’ जैसे कार्यक्रम का आयोजन होना हर्ष का विषय है। मैं पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। बिहार बदल चुका है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का बिहार में स्वागत है। सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों एवं निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। बिहार की समृद्ध सभ्यता एवं संस्कृति को दुनिया के फलक पर स्थापित करना सरकार के साथ-साथ हम सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कलाकारों से बिहार की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने, राज्य की संस्कृति को आगे बढ़ाने और बिहार के ब्रांड एंबेसडर बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग दे रही है। भोजपुरी के साथ अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्मों की शूटिंग को भी सरकार पूरा सहयोग देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार ने सहमति दी है। उन्होंने कलाकारों से फिल्म स्टूडियो के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने में सहयोग का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि फिल्मों के माध्यम से बिहार की कला, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक पक्ष को देश-दुनिया के सामने लाएं। आइए, हम सब मिलकर बिहार को श्रेष्ठ, समृद्ध और विकसित बनाने में अपना योगदान दें।



