
MADHUBANI:- क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के शाखा प्रबंधक का अपहरण, जांच में जुटी पुलिस
मधुबनी- 13 अक्टूबर। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बेहटा पछिवारी टोल में संचालित क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि, मंगलवार की शाम स्कॉर्पियो से आये पांच से सात संदिग्ध युवकों ने सीधे ब्रांच में घुसकर मैनेजर राहुल रंजन को जबरन कब्जे में लेकर सड़क पर खड़ा किए स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर पूर्वी दिशा की ओर लेकर फरार हो गया। संदिग्ध युवकों के साथ एक महिला भी थी। जाते समय ब्रांच मैनेजर और एक अन्य सहायक प्रबंधक का मोबाइल लेकर गया है।
उधर, मैनेजर को जबरन ले जाने के बाद सहायक प्रबंधक ने इसकी सूचना डायल -112 की पुलिस टीम और बेनीपट्टी थाना को दी। सूचना मिलते ही एसएचओ अनूप कुमार व अवर निरीक्षक अशोक कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंच कर घटना की प्रारंभिक जांच की और घटना की सूचना एसडीपीओ को दी।
अपहरण की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमित कुमार फौरन मौके पर पहुंचे और भवन में रह रहे अन्य लोगों के साथ सहायक प्रबंधक से जानकारी ली।
एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि, पुलिस मामले को गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।



