
भारत
लद्दाख भारत का अभिन्न अंग है, चीन के विरोध से तथ्य नहीं बदलेगा: विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर। लद्दाख को लेकर चीन की आपत्ति पर भारत ने कड़ा जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि चीन हमारे दावे का कितना भी खंडन कर ले, इससे स्थापित तथ्य नहीं बदलेगा कि लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है।
दरअसल, भारत सरकार ने लद्दाख के 28 स्थानों और विशेषताओं को सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक मानचित्र पर मानक नामों के साथ चिह्नित किया था। इस पर चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा था कि चीन लद्दाख को मान्यता नहीं देता और भारत के इस कदम का विरोध करता है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि गृह मंत्रालय की विज्ञप्ति स्वतः स्पष्ट है। यह कार्य केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और स्थानीय हितधारकों के परामर्श से किया गया है, जिसका उद्देश्य इन स्थानों की सटीक पहचान और आम जनता में जागरूकता बढ़ाना है।



