
MADHUBANI:- लोहट में JK लक्ष्मी सीमेंट की ग्राइंडिंग-पैकेजिंग यूनिट से 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
मधुबनी- 14 अगस्त। जिले के लोहट में JK लक्ष्मी सीमेंट की ग्राइंडिंग और पैकेजिंग यूनिट इलाके के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
कंपनी के CSR एवं सस्टेनेबिलिटी प्रमुख संजीव कुमार झा ने बताया कि इस प्लांट से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 20 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। इसमें इंजीनियर, टेक्नीशियन से लेकर अकुशल मजदूर तक सभी को लाभ मिलेगा।
श्री झा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 1000 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली इस यूनिट से मार्च 2028 से उत्पादन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी CSR के तहत स्कूल, अस्पताल और स्किल ट्रेनिंग सेंटर भी चलाएगी।
इस यूनिट से लोहट और आसपास का बाजार मजबूत होगा, जमीन की कीमत बढ़ेगी। सीमेंट यूनिट के साथ ट्रक, ट्रैक्टर, हार्डवेयर दुकानें, ढाबे और होटल का कारोबार भी बढ़ेगा। स्थानीय स्तर पर सड़क, स्कूल, अस्पताल बनेंगे। बिजली आपूर्ति बेहतर होगी और रेल-सड़क कनेक्टिविटी पर काम होगा, जिसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि अभी मधुबनी सहित पूरे मिथिलांचल में सीमेंट बाहर से आता है। लोकल यूनिट लगने से ट्रांसपोर्ट कॉस्ट बचेगी और निर्माण कार्य सस्ता होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कंपनी के मुख्य भूमि अधिग्रहण अधिकारी निर्मल सिंह चौहान और तकनीकी प्रमुख एमआर रवींद्र कुमार जैन भी मौजूद थे।



