
UP:- पैतृक कब्रिस्तान में कड़ी सुरक्षा के बीच दफनाये गए अतीक अहमद के बेटे अबान का शव, नमाज-ए-जनाजा में उनके बड़े भाई उमर और अली हुए शरीक
प्रयागराज- 08 अगस्त। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का शव शनिवार की देर शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसके पैतृक कब्रिस्तान कसारी-मसारी में दफनाया गया। नमाज-ए-जनाजा के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
अबान को उसी कब्रिस्तान में दफनाया गया, जहां उसके पिता अतीक अहमद, दादा हाजी फिरोज अहमद, दादी, चाचा अशरफ और भाई असद अहमद की कब्रें हैं। अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के पास बनाई गई थी। अबान के नमाज-ए-जनाजा में शामिल होने के लिए उसके बड़े भाई उमर अहमद और दूसरे भाई अली अहमद भी जेल से कस्टडी पैरोल पर प्रयागराज पहुंचे। दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच कब्रिस्तान लाया गया। कब्रिस्तान के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। उमर के पहुंचने के दौरान कब्रिस्तान के बाहर भीड़ बढ़ गई थी। पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की थी। कुछ लोगों के बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर जाने पर पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हुई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया और बाद में माहौल सामान्य रहा।



