
MADHUBANI:- सुदै-द्वारम में गूंजेगा हर-हर महादेव का जयघोष, 27 अक्टूबर से शुरू होगा 32वां भव्य महादेव पूजा महोत्सव
मधुबनी- 26 सितंबर। मिथिला की धरती एक बार फिर शिवमय होने जा रही है। जिले के सुदै-द्वारम गांव में श्री श्री 108 हरिमुखी महादेव पूजा समिति के तत्वावधान में 32वें वर्ष का भव्य महादेव पूजा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। पांच दिवसीय यह महोत्सव 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा।

जैसे-जैसे महोत्सव की तिथि नजदीक आ रही है, पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बन गया है। बाबा भोलेनाथ के इस महापर्व को लेकर ग्रामीणों में अपार उत्साह है। समिति के सदस्यों द्वारा पूजा स्थल को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
समिति के अनुसार, पांच दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा का रुद्राभिषेक, महाआरती और हरिमुखी पाठ का आयोजन होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
मान्यता है कि सुदै-द्वारम के हरिमुखी महादेव के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता। 32 वर्षों से अनवरत चली आ रही यह परम्परा आज पूरे क्षेत्र में आस्था का बड़ा केंद्र बन चुकी है। पूजा समिति ने आसपास के सभी गांवों के श्रद्धालुओं से इस भव्य महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।



