
बिहार
BIHAR:- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मिथिलांचल संघर्ष समिति ने मनाया जश्न, लड्डू बांटे व पटाखे फोड़े
मधुबनी- 28 जुलाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मिथिलांचल संघर्ष समिति के सदस्यों ने घोघरडीहा स्थित समिति कार्यालय में खुशी का इजहार करते हुए एक-दूसरे को लड्डू खिलाए और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इसे छात्र-युवा आंदोलन की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि देशभर के छात्रों की आवाज आखिरकार सरकार तक पहुंची।समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि नीट पेपर लीक समेत शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में छात्र लंबे समय से आंदोलनरत थे। मिथिलांचल संघर्ष समिति ने भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया था। इसी क्रम में पिछले दिनों घोघरडीहा स्टेशन चौक पर समिति के बैनर तले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की गई थी। समिति के सदस्यों ने कहा कि छात्रों के संघर्ष और जनदबाव के परिणामस्वरूप यह फैसला सामने आया है।
जश्न कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष ई. गौरी शंकर यादव, सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल, संयोजक एवं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शंकर झा, सुशील कामत, रघुनाथ झा ‘राजा’, मुरारी झा, भाकपा नेता एवं पूर्व मुखिया योगनाथ मंडल, दीपक कुमार मिश्रा, विजय यादव, मो. हैदर अली, कृष्णदेव यादव, रंजन कुमार, अनूप राज सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे। सभी ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।



