
MADHUBANI:- फुलपरास थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 75 कार्टन शराब जब्त, एक महिला गिरफ्तार
मधुबनी- 28 जुलाई। उत्पाद विभाग ने फुलपरास थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 75 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। साथ ही, मौके से एक महिला शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने उक्त मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात गुप्त सूचना मिली कि मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के तीन ठिकानों से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप की तस्करी होने वाली है। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत अपने धावा दल को तैयार किया और खुद टीम का नेतृत्व करते हुए तीनों जगहों पर एक साथ रेड मारी। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि इस कारोबार में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने सख्त लहजे में कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।



