
MADHUBANI: सावन पर कपिलेश्वर मंदिर में जलाभिषेक को लेकर हुई बैठक, कांवरियों की सुविधाओं की समीक्षा
मधुबनी – 27 जुलाई। सावन पर जलाभिषेक को लेकर कपिलेश्वर स्थान स्थित राम जानकी विवाह भवन में सदर अनुमंडल प्रशासन की शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर एसडीओ चंदन कुमार झा, एसडीपीओ राजीव कुमार, रहिका प्रखंड विकास पदाधिकारी आशुतोष कुमार झा, रहिका थानाध्यक्ष आनंद कश्यप, कपिलेश्वर स्थान मंदिर एवं धर्मशाला न्यास समिति के कोषाध्यक्ष आचार्य संतोष झा, उपाध्यक्ष प्रभात रंजन, रीतेश कुमार, सियाराम महतो, पंडा समाज सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में 3 अगस्त को पहली सोमवारी से लेकर 24 अगस्त अंतिम सोमवारी पर होने वाले जलाभिषेक पर कांवरियों की सुरक्षा और शौचालय, पेयजल, बिजली, स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
वहीं, किसी अनहोनी से निपटने के लिए अग्निशमन और एम्बुलेंस की सुविधा बहाल रखने पर बल दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए सदर एसडीओ चंदन कुमार झा ने कहा कि जलाभिषेक को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।श्रद्धालुओं सावन के भक्तिमय माहौल में यहां आध्यात्मिक लाभ उठाना चाहिए।
कपिलेश्वर स्थान मंदिर एवं धर्मशाला न्यास समिति के कोषाध्यक्ष आचार्य संतोष झा ने बताया कि इस साल सावन में चार सोमवारी पड़ रहा है। पहला सोमवारी 3, दूसरा 10, तीसरा 17 तथा चौथा व अंतिम सोमवारी 24 अगस्त को पड़ेगा। तीसरे सोमवारी पर कपिलेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए करीब दो लाख कांवरियों को पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।



