
मधुबनी- 16 जुलाई। राजनगर प्रखंड अंतर्गत भगवापुर चोक पर औषधि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दवा दुकान पर छापेमारी की। इस अभियान में कुल 80 प्रकार की दवायां जब्त की गईं। छापेमारी का नेतृत्व मधुबनी-04 के औषधि निरीक्षक अजय कुमार राय ने किया। इस कार्रवाई में सदर अनुमंडल के औषधि निरीक्षक शिव किशोर चोधरी,बेनीपट्टी अनुमंडल के औषधि निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद,जयनगर के औषधि निरीक्षक खुर्शीद आलम तथा फुलपरास अनुमंडल के औषधि निरीक्षक विकास कुमार गुप्ता भी शामिल रहे। इसके अलावा,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) राजनगर के प्रभारी ने भी क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट से संबंधित जांच के लिए टीम का सहयोग किया। छापेमारी के दौरान टीम ने संदिग्ध दवाओं के दो नमूने जांच और विश्लेषण के लिए संग्रहित किए हैं। इन नमूनों को सरकारी प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
औषधि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, मानकों का उल्लंघन अथवा अवैध दवाओं की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट,1940 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग और औषधि प्रशासन की यह कार्रवाई जिले में अवैध एवं मानकविहीन दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



