
BIHAR:- मधुबनी के नूनियाटोली से एक बड़े संगठित साइबर ठगी गिरोह का दो सदस्य गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
मधुबनी- 13 जुलाई। नगर थाना क्षेत्र के नूनियाटोली में एक बड़े संगठित साइबर ठगी गिरोह का दो सदस्य गिरफ्तार किया गया है, जो गरीब और निर्दोष महिलाओं को झांसा देकर उनके नाम पर म्यूल अकाउंट खुलवाता था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, जालसाजों ने स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आर्थिक लाभ का झूठा प्रलोभन दिया। इसके बाद उनके पैन कार्ड, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल कर लिए। इन दस्तावेजों के आधार पर महिलाओं की जानकारी और सहमति के बिना नए बैंक खाते खुलवाए गए और नए सिम कार्ड एक्टिवेट किए गए। गिरोह के सदस्यों ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और यूपीआई क्रेडेंशियल्स को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया। इन खातों का इस्तेमाल देश भर में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से उड़ाए गए लाखों-करोड़ों रुपयों के अवैध लेन-देन के लिए किया जा रहा था। जब कई बैंक खाते फ्रीज हुए और पुलिस जांच पीड़ित महिलाओं तक पहुंची, तब जाकर उन्हें इस बात की भनक लगी कि वे किसी बड़े अपराध का हिस्सा बना दी गई हैं। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए मुख्य मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी, बैंक अधिकारियों एवं सिम विक्रेताओं की मिलीभगत की जांच और उनके खातों को सुरक्षित करने की मांग की है। पुलिस इस संगठित गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।



