बिहार

निजी विद्यालयों में आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत सीटों पर नामांकन का शत-प्रतिशत कराऐं: आयुक्त

दरभंगा, 09 जुलाई। दरभंगा के प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रमंडलीय सभागार दरभंगा में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दरभंगा प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आयुक्त ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें तथा विद्यालय परिसरों की चाहरदीवारी, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों को हर हाल में सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में आयुक्त ने तीनों जिले मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निजी विद्यालयों के निबंधन की स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी निजी विद्यालय विधिवत निबंधित हों। साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(सी) के अंतर्गत निजी विद्यालयों में आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत सीटों पर नामांकन का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
आयुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षा प्रदान करें।

उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बेंच-डेस्क, पंखे, स्मार्ट टीवी सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध एवं कार्यशील रहें। साथ ही विद्यालय परिसरों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों के विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान दे रहे हैं, ऐसे शिक्षकों की पहचान कर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाए, ताकि अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिल सके।

बैठक में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई तथा पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आयुक्त के सचिव ने भूमिहीन विद्यालयों के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव श्री सुशील कुमार मिश्रा, उप निदेशक (शिक्षा) श्री असगर अली, सहायक निदेशक (योजना) सुश्री प्रीति कुमारी,दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!