
‘लक्ष्य तक’ का असर: मधुबनी नगर निगम की त्वरित कार्रवाई, घरों तक पानी पहुंचते ही लोगों में खुशी
मधुबनी- 03 जुलाई। लक्ष्य तक न्यूज पोर्टल पर 02 जुलाई को ‘नगर निगम के वार्ड संख्या- 31 के जलमीनार से जलापूर्ति ठप, पानी के लिए मचा हाय-तौबा, धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी’ शीर्षक से प्रकाशित खबर का असर देखा गया है। नगर निगम में प्रशासन ने खबर की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए जले मोटर की जगह नई मोटर लगाने का निर्देश दिया। जिससे लोगों के घरों तक जलापूर्ति शुरू हो गई। लोगों के घरों तक पानी पहुंचते ही उनमें खुशी देखी गई। वार्ड 31 के मो. आले, महफूज आलम, जमीला खातून, मो. सनाउल्लाह, रेहाना खातून, मो. अंसारी वाकिव, सलमा खातून, मो. इस्लाम मो. हिदायतुल्ला, मो. समी अंसारी, मो. सैफुल्लाह ने जले हुए मोटर बदलने के लिए नगर निगम प्रशासन को तुरंत एक्शन लिए जाने की काफी सराहना की।
वार्ड पार्षद रईसा ने नगर आयुक्त व मेयर की त्वरित कार्रवाई पर खुशी जाहिर की। इधर, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि निगम के कई वार्डों में जलमीनार और पाइपलाइन कार्य चल रहा है। कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
वहीं, मेयर ने बताया कि नल जल योजना में मरम्मती और नए जलमीनार निर्माण, पाइपलाइन कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी संवेदकों को समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है। निर्देश का पालन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र के हरेक घरों में नल जल योजना के तहत जलापूर्ति के लिए निगम पूरी तरह सजग है। मरम्मती कार्य में शिकायत मिलने पर आउटसोर्सिंग एजेंसी पर सख्त कार्रवाई करते हुए काली सूची में डालने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।



