
MADHUBANI:- संगीत केवल शौक नहीं, इसमें करियर की अपार संभावनाएं : डा. शिव नारायण मिश्र
मधुबनी- 28 जून। शहर के बाबूसाहब चौक स्थित जागरण संगीत कला महाविद्यालय में परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें बीते 21 जून को नगर भवन में सम्पन्न सांस्कृतिक महोत्सव, मिथिला आईडल सह सम्मान समारोह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डा. शिव नारायण मिश्र ने कहा कि संगीत के क्षेत्र में युवा पीढ़ी के लिए करियर की अपार संभावनाएं हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म और मनोरंजन उद्योग के विस्तार से संगीत अब केवल एक शौक नहीं, बल्कि एक अत्यधिक लाभदायक और सम्मानित पेशा बन गया है। इसमें गायन, संगीत रचना, ऑडियो इंजीनियरिंग, शिक्षण और संगीत प्रबंधन जैसे कई विकल्प शामिल हैं।
प्लेबैक सिंगिंग, स्टेज शोज, लाइव बैंड या स्वतंत्र कलाकार के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं। संगीत सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। संयोजक मनोज राम आजाद ने कहा कि ऐसे आयोजन नवोदित कलाकारों को मंच देने के साथ-साथ मिथिला की समृद्ध संगीत एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। सचिव मंजरी मिश्रा ने कलाकारों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह सांस्कृतिक आयोजन सफल रहा और आगे भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने जय-जय भैरवी सहित विभिन्न सांगीतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। मेडल एवं प्रशस्ति पत्र पाने वालों में अंजली कुमारी, आलोक कुमार, दीपू कुमार, जितेंद्र कुमार, सुनील कुमार, जय कुमार, अनीता, अजीत कुमार, साक्षी चौधरी, आनंदी चौधरी, अनुष्का चौधरी, आरुषी कुमारी, जानवी कुमारी, कृतिका मंडल, अंबिका मंडल, नंदनी कुमारी, रजनी कुमारी, प्रति कुमारी, सोनी कुमारी तथा कृष्ण कुमार शर्मा सहित अनेक प्रतिभागी शामिल रहे। चित्रकला प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों के विजेताओं तथा मंचीय प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों की उपलब्धियों की सराहना की गई।



